तेल गोदाम में भीषण आग, 3 घंटे बाद भी नहीं पाया जा सका काबू; करोड़ों का नुकसान

Massive Fire at Oil Warehouse; Still Uncontrolled After 3 Hours; Losses Worth Crores

बिलासपुर। बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित खाद्य तेल के एक बड़े गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। आग लगने के तीन घंटे बाद भी उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।

मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, व्यापार विहार स्थित चौधरी एजेंसी के गोदाम में बड़ी मात्रा में खाद्य तेल का भंडारण किया गया था। तेल होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में गोदाम से ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार उठने लगा। आगजनी की सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। गोदाम संचालक निमेष अग्रवाल के अनुसार, आग में करीब 2 करोड़ रुपए का खाद्य तेल और अन्य सामान जलकर खाक हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए छह से अधिक फायर ब्रिगेड वाहनों को लगाया गया, लेकिन तेल के कारण आग पर नियंत्रण पाने में काफी कठिनाई हुई। हालात को देखते हुए जेसीबी मशीन की मदद से गोदाम की दीवार तोड़ी गई, ताकि अंदर तक पहुंचकर आग बुझाई जा सके।

व्यापार विहार को बिलासपुर संभाग का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में गोदाम और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित होते हैं। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बरती गई है। फिलहाल दमकल कर्मियों द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है तथा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *