‘काला हिरण’ का पोस्टर जारी, सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई विवाद पर आधारित होगी फिल्म

‘Kala Hiran’ Poster Released; Film to be Based on the Salman Khan and Lawrence Bishnoi Controversy

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से जुड़े चर्चित काला हिरण शिकार मामले पर आधारित फिल्म ‘काला हिरण’ का पोस्टर शुक्रवार को जारी कर दिया गया। फिल्म के निर्माता अमित जानी ने घोषणा की है कि इसका फर्स्ट लुक और टीजर 20 जून को रिलीज किया जाएगा। पोस्टर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।

निर्माताओं के अनुसार, फिल्म में 1998 के काला हिरण शिकार मामले, उससे जुड़े कानूनी घटनाक्रम और सलमान खान तथा लॉरेंस बिश्नोई के बीच विवाद को सिनेमाई रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। फिल्म में कोर्टरूम ड्रामा, क्राइम और थ्रिलर के तत्व भी देखने को मिलेंगे। इसकी शूटिंग उत्तर प्रदेश के संभल, मुरादाबाद समेत कई शहरों में की गई है।

अमित जानी ने बताया कि फिल्म में उस दौर की घटनाओं को दिखाया जाएगा, जब जोधपुर के कांकाणी गांव में काला हिरण शिकार का मामला सामने आया था।

इस मामले में सलमान खान के साथ कई अन्य कलाकारों के नाम भी चर्चा में आए थे। फिल्म का उद्देश्य उस पूरे घटनाक्रम को एक कहानी के रूप में दर्शकों तक पहुंचाना है।

गौरतलब है कि 1998 में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान काला हिरण शिकार का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में सलमान खान पर आरोप लगे और बाद में अदालत ने उन्हें सजा भी सुनाई थी। हालांकि उन्हें जमानत मिल गई थी और मामला अभी भी न्यायिक प्रक्रिया में है।

फिल्म का विषय इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि लॉरेंस बिश्नोई कई बार सार्वजनिक रूप से इस मामले को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुका है। हाल के वर्षों में सलमान खान की सुरक्षा को लेकर भी कई घटनाएं सुर्खियों में रही हैं।

अब 20 जून को जारी होने वाले टीजर का इंतजार किया जा रहा है, जिससे फिल्म की कहानी और प्रस्तुति की पहली झलक सामने आएगी।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *