आशुतोष राणा के ‘हमारे राम’ शो के दौरान लगी आग, अफरा-तफरी के बीच कलाकार और दर्शक सुरक्षित निकाले गए

Fire Breaks Out During Ashutosh Rana's 'Hamare Ram' Show; Artists and Audience Safely Evacuated Amidst Chaos

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में शनिवार शाम अभिनेता आशुतोष राणा के चर्चित नाट्य मंचन ‘हमारे राम’ के दौरान अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

यह घटना रामपुर स्थित तरंग ऑडिटोरियम में हुई, जहां कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।

राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी कलाकारों और दर्शकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार शो के दौरान अभिनेता आशुतोष राणा रावण की भूमिका में मंच पर प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान ग्रीन रूम के कंट्रोल पैनल में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी।

देखते ही देखते कंट्रोल पैनल से धुआं और लपटें निकलने लगीं। सुरक्षा के मद्देनजर ऑडिटोरियम की बिजली तुरंत बंद कर दी गई, जिससे पूरे परिसर में अंधेरा छा गया।

उस समय मंच पर करीब 20 कलाकार प्रदर्शन कर रहे थे। अचानक बिजली गुल होने और अंधेरा फैलने से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।

हालांकि आयोजन समिति और सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए कलाकारों और दर्शकों को बाहर निकालने का काम शुरू किया।

अंधेरे के कारण मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट का सहारा लिया गया और लोगों को सुरक्षित निकास द्वार तक पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही तकनीकी टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है।

आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, लेकिन सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम को तत्काल रोकना पड़ा।

आयोजकों ने बताया कि घटना के बाद निर्धारित दूसरा शो रद्द कर दिया गया। वहीं दर्शकों और कलाकारों ने राहत की सांस ली कि समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा ऑडिटोरियम की विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण कराया जा रहा है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *