तेलंगाना में गर्मी का कहर: 51 लोगों की मौत, आंध्र में भी 16 ने गंवाई जान; ब्रह्मपुरी देश का सबसे गर्म शहर

CG Weather Update, Nautapa 2026, Chhattisgarh Heatwave, Raipur Weather, Heatwave Alert, Summer Season, High Temperature, IMD Weather Update, Weather News, Heat Stroke Alert, Raipur Temperature,

दिल्ली। देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। तेलंगाना में तेज गर्मी और लू की चपेट में आने से अब तक 51 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा 23 मौतें वारंगल जिले में दर्ज की गई हैं।

इसके अलावा संयुक्त करीमनगर जिले में 11, खम्मम में 7, आदिलाबाद और नलगोंडा में 5-5 लोगों की जान गई है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। तेलंगाना के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने सचिवालय में आपात समीक्षा बैठक की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन गांवों और मंडलों में तापमान सबसे ज्यादा दर्ज हो रहा है, वहां पहले से चेतावनी जारी की जाए। साथ ही बस स्टैंड, बाजार और मजदूर बहुल इलाकों में ठंडा पानी, छाछ और ORS पैकेट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

राज्य के 15 जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। सबसे ज्यादा 46.3 डिग्री तापमान कोठागुडेम जिले में रिकॉर्ड किया गया। वहीं महाराष्ट्र का विदर्भ क्षेत्र स्थित ब्रह्मपुरी देश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दूसरी ओर आंध्र प्रदेश में भी हीटवेव जानलेवा साबित हो रही है। शनिवार को राज्य में 16 लोगों की मौत हो गई। इनमें सबसे ज्यादा मौतें एनटीआर, कृष्णा और गुंटूर जिलों में हुई हैं।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *