दिल्ली। देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी हुई है। तेल कंपनियों ने 25 मई की सुबह 6 बजे से पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा कर दिया। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है, जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। लगातार बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल-डीजल करीब ₹7.50 प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं।
नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल ₹102.12 और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर पहुंच गया है। मुंबई में पेट्रोल ₹111.21, कोलकाता में ₹113.51 और चेन्नई में ₹107.77 प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल भी सभी महानगरों में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।
तेल कंपनियों ने दाम बढ़ाने के पीछे मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान युद्ध के चलते कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी को वजह बताया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल महंगा होने से कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। यही कारण है कि 15 मई से लगातार कीमतों में इजाफा किया जा रहा है।
प्रीमियम ईंधनों के दाम भी तेजी से बढ़े हैं। XP95 पेट्रोल ₹106.63 से बढ़कर ₹109.24 प्रति लीटर हो गया, जबकि XG की कीमत ₹100.52 तक पहुंच गई।
लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से सब्जी, राशन, दूध और अन्य जरूरी सामान महंगे होने की आशंका है। बस, ऑटो और टैक्सी किराए में भी बढ़ोतरी हो सकती है। किसानों के लिए ट्रैक्टर और सिंचाई पंप चलाना महंगा होगा, जिससे खेती की लागत बढ़ेगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल और महंगे हो सकते हैं।

