छत्तीसगढ़ में हीटवेव से मिलेगी राहत, अगले 3 दिन आंधी-बारिश के आसार; 28 साल पुराना तापमान रिकॉर्ड बरकरार

Relief from Heatwave Expected in Chhattisgarh; Thunderstorms and Rain Forecast for the Next 3 Days; 28-Year-Old Temperature Record Remains Intact.

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और हीटवेव की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 30 मई से मौसम का मिजाज बदलने वाला है।

अगले तीन दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके चलते प्रदेश में चल रही हीटवेव की स्थिति समाप्त होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में मध्य छत्तीसगढ़ के तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ, जबकि उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है।

इसके बावजूद राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इस वर्ष मई माह में प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार भीषण गर्मी देखने को मिली। राजधानी रायपुर में भी तापमान कई बार 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।

मौसम विशेषज्ञों द्वारा जारी तापमान ट्रेंड चार्ट के अनुसार रायपुर में 28 साल पुराना रिकॉर्ड अब भी कायम है। 26 मई 1998 को शहर का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो अब तक का सबसे ऊंचा रिकॉर्ड माना जाता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वातावरण में नमी बढ़ने और हवा की दिशा में बदलाव के कारण प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो रही हैं। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। किसानों और आम नागरिकों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *