विधायक पुरंदर मिश्रा से 10 हजार रुपए की साइबर ठगी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम लेकर ठगों ने ट्रांसफर कराए पैसे

MLA Purandar Mishra falls victim to ₹10,000 cyber fraud.

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को ठगों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन  के नाम का इस्तेमाल कर अपने जाल में फंसा लिया।

आरोपी ने खुद को नितिन नवीन का निजी सहायक बताकर विधायक से 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। मामले में खम्हारडीह पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन किया और कहा कि वह भाजपा नेता नितिन नवीन का पीए बोल रहा है। बातचीत के दौरान उसने वाहन में तत्काल डीजल डलवाने की बात कहकर पैसों की मांग की। राजनीतिक पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने विधायक को विश्वास में ले लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में रकम ट्रांसफर करवाई। पहले 4500 रुपए और फिर 5500 रुपए खाते में डलवाए गए। विधायक ने अपने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा को पैसे भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सेवक ने बताए गए बैंक खाते में कुल 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

कुछ समय बाद आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग शुरू कर दी। लगातार रकम मांगने और बातचीत में संदिग्धता महसूस होने पर मामले की जांच की गई। तब पता चला कि फोन करने वाला व्यक्ति फर्जी तरीके से खुद को भाजपा नेता का निजी सहायक बताकर ठगी कर रहा था। इसके बाद नारायण मिश्रा ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच शुरू कर दी है। वहीं क्राइम ब्रांच की साइबर टीम आरोपी की लोकेशन और बैंकिंग ट्रेल खंगालने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *