महंगी हुई CNG, 15 दिन में दूसरी बढ़ोतरी; ऑटो-टैक्सी यूनियनों ने किराया बढ़ाने की मांग उठाई

CNG Becomes Costlier: Second Hike in 15 Days; Auto-Taxi Unions Demand Fare Hike

मुंबई। मुंबई और आसपास के इलाकों में एक बार फिर CNG की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है।

महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने CNG के दाम ₹2 प्रति किलो बढ़ा दिए हैं, जिसके बाद इसकी कीमत ₹84 से बढ़कर ₹86 प्रति किलो हो गई है।

वहीं घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमत में भी 50 पैसे प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) की वृद्धि की गई है। नई दरें 29-30 मई की आधी रात से लागू हो गई हैं।

गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों में यह दूसरी बार है जब गैस की कीमतों में इजाफा किया गया है। इससे पहले 13-14 मई को भी CNG के दाम ₹2 प्रति किलो बढ़ाए गए थे। लगातार बढ़ती कीमतों का असर आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र पर भी पड़ने लगा है।

कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, घरेलू प्राकृतिक गैस की उपलब्धता में कमी आने के कारण उन्हें अधिक कीमत वाले बाहरी स्रोतों से गैस खरीदनी पड़ रही है।

इसके अलावा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए की कमजोरी ने आयात लागत को और बढ़ा दिया है। यही वजह है कि कंपनी को गैस की कीमतों में संशोधन करना पड़ा।

हालांकि MGL का कहना है कि बढ़ोतरी के बावजूद CNG अभी भी पेट्रोल और डीजल की तुलना में अधिक किफायती ईंधन बनी हुई है।

कंपनी के अनुसार, CNG उपयोग करने वाले वाहन चालकों को पेट्रोल के मुकाबले लगभग 45 प्रतिशत और डीजल के मुकाबले करीब 12 प्रतिशत तक की बचत होती है।

उधर, CNG महंगी होने के बाद ऑटो-रिक्शा और टैक्सी यूनियनों ने किराए में बढ़ोतरी की मांग शुरू कर दी है। यूनियनों का कहना है कि ईंधन महंगा होने से उनकी परिचालन लागत बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन से ऑटो और टैक्सी किराए में ₹2 से ₹3 तक की बढ़ोतरी की अनुमति देने की मांग की है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *